फर्रुखाबाद। सोताबहादुरपुर और नौगवां के बीच तनाव बरकरार है। दोनों गांवों के बीच तनाव को देखते हुए पांचवें दिन एसपी जोगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने मार्च किया। हत्यारोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई, लेकिन बुधवार देर शाम तक पुलिस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है।
शहर कोतवाली के गांव सोताबहादुरपुर पुरानी घटियाघाट निवासी रियासुद्दीन की खेत की रखवाली करते समय 1 मार्च की रात हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भतीजे पप्पू ने नौगवां निवासी प्रवेश उर्फ नन्हकू, पिंटू समेत चार लोगों के खिलाफ मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले को लेकर दोनों गांवों के लोगों के बीच तनाव पैदा हो गया। स्थिति को देखते हुए एएसपी ओपी सिंह ने नौगवां गड्डा में फोर्स तैनात कर दिया। दो दिन पहले सोताबहादुरपुर के लोगों ने नौगवां पहुंच कर हंगामा किया था। उधर, हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से दूसरे पक्ष के लोगों में आक्रोश है। लोग पुलिस के प्रति भी आक्रोश जता रहे है। इसकी भनक लगते ही बुधवार को पांचवें दिन एसपी जोगेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस और पीएसी ने इलाके में कांबिंग की और हत्यारोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। एसपी ने एक टीम को आवास विकास कालोनी भेजा और चेंकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। एसपी का फरमान मिलते ही पुलिस टीम आनन फानन में कालोनी में आकर संदिग्ध लोगों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने वाहन चेंकिंग भी कराई। एसपी के साथ एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी वाईपी सिंह, सीओ मोहम्मदाबाद विजय बहादुर सिंह, शहर कोतवाल रूम सिंह यादव, फतेहगढ़ कोतवाल जितेंद्र सिंह परिहार, राजेपुर एसओ एके सिंह और पीएसी भी मौजूद रही।
भाजपाई पहुंचे नौगवां
फर्रुखाबाद। बुधवार को भाजपा नेताओं के दल ने नौगवां के हालात परखे। उन्हाेंने पुलिस कप्तान से बात भी की। दोपहर को भूदेव राजपूत, अशोक कटियार एडवोकेट, प्रदीप सक्सेना, रनवीर सिंह व कुलदीप बाथम एडवोकेट ने गांव पहुंचकर लोगाें से बातचीत की। इन्हाेंने गांव के लोगों को भरोसा दिलाया कि निर्दोषाें को फंसने नहीं दिया जाएगा। अशोक कटियार ने बताया कि गुरुवार को इस बाबत जिला प्रशासन से भी वार्ता की जाएगी।