फर्रुखाबाद। कालाबाजारी कर ले जाया जा रहा छह बोरा चावल मोहल्ला खटकपुरा के लोगों ने पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चावल कब्जे में कर रिक्शा चालक को छोड़ दिया।
गुरुवार दोपहर रिक्शा चालक दीपक जाटव छह बोरा चावल लेकर मोहल्ला खटकपुरा स्थित आम वाली मस्जिद के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के लालू, नाजिम, मुजाहिद अंसारी, सबलू, रियाज अहमद, इकराम, मोहसिन, सरकार खान ने रिक्शा चालक को रोक लिया। उन्होंने चावल के बारे में पूछताछ की तो रिक्शा चालक हड़बड़ा गया। वह सही जवाब नहीं दे सका। इस पर मोहल्ले वालों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस चावल को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। रिक्शा चालक को छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना है कि चावल कहां ले जाए जा रहे थे। इसकी जांच होगी। फिलहाल मामले की लिखा पढ़ी नहीं की गई है।