कमालगंज। कानपुर-कासगंज एक्सप्रेस के कमालगंज रेलवे स्टेशन से आगे बढ़ते ही ट्रैक पर तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर यात्री सहम गए। ट्रेन रोक दी गई। जांच पड़ताल के बाद करीब 15 मिनट बाद ट्रेन रवाना हुई।
कानपुर सेंट्रल से चल कर कासगंज जा रही एक्सप्रेस ट्रेन गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे कमालगंज रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां दो मिनट रुकने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी। इसी दौरान गुमटी नंबर 138 के पास तेज धमाका हुआ। धमाके की तेज आवाज सुनते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्री भी सहम गए। चालक ने तुरंत ट्रेन रोक दी। स्टेशन मास्टर ने जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी। चालक, परिचालक, गार्ड और अन्य रेलवे कर्मचारी ट्रेन के पीछे ट्रैक पर पहुंचे। रेलवे कर्मियों ने गहनता से ट्रैक की जांच की लेकिन विस्फोट जैसी कोई सामग्री नहीं मिली। करीब 15 मिनट बाद ट्रेन रवाना की गई। मौके पर पहुंची जीआरपी और आरपीएफ ने भी ट्रैक की पड़ताल की। कमालगंज प्लेटफार्म पर भी चेकिंग की गई, लेकिन कुछ नहीं मिला। जीआरपी के एसआई केपी सिंह ने बताया कि विस्फोटक जैसी कोई चीज नहीं मिली है। उन्होंने अनुमान लगाया कि किसी ने ट्रेन में पत्थर मारा, जिसकी आवाज हुई होगी। इस संबंध में सहायक स्टेशन मास्टर रामसजीवन का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है।