मोहम्मदाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव डूंगरपुर में ट्यूबवेल पर सो रहे झब्बूलाल को मोबिल आयल छिड़ककर हत्यारोपियों ने जिंदा ही ट्यूबवेल के कुएं में फेंक दिया था। इसके बाद जलती पतेल कुएं में डालकर फरार हो गए थे। दम घुटने से झब्बूलाल की मौत हो गई। यह खुलासा गुरुवार को गिरफ्तार किए गए दो हत्यारोपियों ने पुलिस के सामने किया। कोतवाल ने बताया कि इस हत्याकांड के तीसरा आरोपी फरार चल रहा है।
गौरतलब है कि 1/2 अक्तूबर की रात डूंगरपुर निवासी झब्बूलाल तिवारी गांव में ही स्थित अपने ट्यूबवेल पर सो रहा था। इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई थी। झब्बूलाल के पुत्र राजकुमार तिवारी ने गांव के ही रामआसरे, उसके पुत्र धर्मेंद्र, रिश्तेदार जगदीश और राहुल निवासी जिला हरदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाली पुलिस ने गत दिनों गांव के ही सर्वेश दुबे और भारतलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों टूट गए और हत्याकांड का खुलासा कर दिया। बकौल सर्वेश दुबे 1/2 अक्तूबर की रात वह भारतलाल व एक अन्य साथी के साथ झब्बूलाल के ट्यूबवेल पर पहुंचा। सर्वेश और भारतलाल छत काटकर नीचे उतर गए, जबकि तीसरा साथी गेट पर खड़ा रहा। सर्वेश और भारतलाल ने सोते समय झब्बूलाल को दबोच लिया और उसके ऊपर पास में ही रखा मोविल आयल छिड़क दिया। इसके बाद उसे चारपाई, रजाई-गद्दा समेत ट्यूबवेल के कुएं में फेंक दिया और पतेल जलाकर कुएं में डाल दी। इसके बाद तीनों लोग वहां से भाग गए थे। सर्वेश ने बताया कि ट्यूबवेल से पानी न देने की झब्बूलाल से रंजिश चल रही थी, जबकि भारतलाल ने बताया कि लूटपाट के मुकदमे की रंजिश थी। पुलिस ने सर्वेश और भारतलाल को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाल रुम सिंह यादव ने बताया कि हत्यारोपियों के तीसरे साथी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।