फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसओजी बताकर युवक को लूटा

Sun, 25 Nov 2012 12:00 PM IST
Farrukhabad
विज्ञापन
विज्ञापन
अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। मिर्जापुर-गूजरपुर बार्डर के पास स्कार्पियो सवार सशस्त्र बदमाशों ने खुद को एसओजी जवान बताकर बाइक सवार युवक को लूट लिया। बदमाशों ने बाइक, अंगूठी और नगदी लूटने के बाद चलती स्कार्पियो से फेंक दिया और फरार हो गए। घटना की सूचना पर राजेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल मिर्जापुर का बताकर पीड़ित को उसकी ससुराल राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव अलीगढ़ में छोड़ दिया।
विज्ञापन

जिला बदायूं के कसबा व थाना उसैत निवासी ओमप्रकाश बाथम की ससुराल राजेपुर क्षेत्र के गांव अलीगढ़ निवासी कृष्ण कुमार बाथम के यहां है। शुक्रवार को ओमप्रकाश बाइक से ससुराल के लिए निकला। शाम 6.30 बजे मिर्जापुर-गूजरपुर बार्डर के बैरियर के पास पीछे से आई स्कार्पियो पर सवार लोगों ने उसे रोक लिया। दो बदमाश नीचे उतरे और एक ने उससे बाइक ले ली जबकि दूसरे ने उसकी यह कहते हुए तलाशी लेना शुरू कर दिया कि एसडीएम की पत्नी की जंजीर लूटी गई है, वह एसओजी से हैं और आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने उसे स्कार्पियों में बैठा लिया। वाहन में बैठते ही अंदर बैठे बदमाशों ने उस पर असलहे तान दिए और उससे नगदी व सोने की अंगूठी लूट ली। बाद में जमापुर मोड़ के पास फेंककर भाग गए। एक बदमाश उसकी बाइक भी ले गया। उधर से गुजर रहे एक बाइक चालक को ओमप्रकाश ने रोका और घटना की जानकारी दी। बाइक चालक ने थाना पुलिस को मोबाइल से सूचित किया। सूचना मिलने पर एसओ एके सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ओमप्रकाश को वाहन से उसकी ससुराल अलीगढ़ छोड़कर वापस लौट आई। ओमप्रकाश ने बताया कि स्कार्पियो पर करीब आधा दर्जन बदमाश थे, जिनमें से एक पास रिवाल्वर और बाकी के पास तमंचे थे। उन्होंने उससे बाइक, दो सोने की अंगूठी और एक हजार की नगदी लूट ली। उधर, सीओ अमृतपुर विजय बहादुर ने मोबाइल पर बताया कि घटनास्थल थाना मिर्जापुर जिला शाहजहांपुर का है।

सीमा विवाद के चलते नहीं लिखी रिपोर्ट
अमृतपुर। सीमा विवाद के चलते थाना पुलिस ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करना मुनासिब नहीं समझा। राजेपुर पुलिस का कहना था कि घटनास्थल मिर्जापुर थाना जिला शाहजहांपुर का है इसलिए वहीं की पुलिस रिपोर्ट दर्ज करेगी। एसओ एके सिंह ने बताया कि घटनास्थल उनके क्षेत्र का नहीं, बल्कि शाहजहांपुर जिले का है। वहीं की पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना करेगी।
विज्ञापन


राजेपुर-अमृतपुर में पिकेट व्यवस्था ध्वस्त
अमृतपुर। अमृतपुर और राजेपुर क्षेत्र में पिकेट व्यवस्था ध्वस्त है। अमृतपुर और राजेपुर थाना क्षेत्र में राजपुर, अमृतपुर, ताजपुर, पकरिया, राजेपुर, सलेमपुर, जमापुर, उबरी, मिर्जापुर-गूजरपुर बार्डर पर पिकेट पुलिस की ड्यूटी लगती है। लेकिन कुछ दिनों से जमापुर और उबरी को छोड़कर कहीं भी पिकेट पुलिस नहीं लगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कहीं भी रात में पिकेट पुलिस नजर नहीं आती है। अगर मिर्जापुर-गूजरपुर बार्डर पर पिकेट पुलिस लगी होती तो लूट की घटना को रोका जा सकता था। अमृतपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि राजपुर तक पिकेट लगती है। गूजरपुर तक गश्त होती है। सीओ अमृतपुर विजय बहादुर ने बताया कि पिकेट कहां-कहां नहीं लगती, इसकी वह जांच कराएंगे। जहां पिकेट नहीं लगती है, वहां लगवाई जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें