चीनी मिल प्रतिनिधि के सौ पदों के लिए 99 लोगों ने नामांकन दाखिल किए हैं।
एक वार्ड के लिए किसी ने भी पर्चा दाखिल नहीं किया। हर वार्ड से एक-एक
नामांकन दाखिल किए जाने से सभी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है।
प्रतिनिधियों के चयन के बाद डायरेक्टर के 11 पदों के लिए 8 अप्रैल को मतदान
कराया जाएगा। 9 अप्रैल को चयनित निदेशक उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। प्रबंध
समिति के उपाध्यक्ष के लिए अलीगंज विधायक के पुत्र सुबोध यादव ने सरगर्मी
तेज कर दी है।
चीनी मिल प्रबंध समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुक्रवार
को प्रतिनिधियों के चुनाव के साथ शुरू हो गई। मिल से संबंधित सौ वार्डों के
लिए 99 लोगों ने पर्चे दाखिल किए। वार्ड नगला रेवती के लिए किसी ने भी
पर्चा दाखिल नहीं किया। सभी 99 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया
है। निर्वाचन अधिकारी एसडीएम बीडी वर्मा ने बताया कि 26 मार्च को प्रबंध
समिति के 11
निदेशकों के चुनाव के लिए पर्चों की बिक्री की जाएगी। 30
मार्च को नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 31 मार्च को जांच, एक अप्र्रैल को
नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटन और मतदान 8 अप्रैल को होगा। बताया कि
चुने गए निदेशक उपाध्यक्ष का चुनाव करेंगे। उपाध्यक्ष के लिए 9 अप्रैल को
नामांकन, जांच, चिह्न आवंटन, मतदान और परिणाम भी शाम तक घोषित किए जाएंगे।
चीनी
मिल प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष पद पर जगदीश नरायन गंगवार पांच सालों से
काबिज थे। इस बार उन्होंने चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है। इस बार के
चुनाव में अलीगंज विधायक रामेश्वर सिंह के पुत्र सुबोध यादव को जोर आजमाइश
करते देखा गया। शुक्रवार को वह मिल में मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मिल की
खस्ताहाल मशीनरी, किसानों की समस्याओं और मिल की क्षमता विस्तार के लिए वह
प्रयास करेंगे।