अमृतपुर (फर्रुखाबाद)। स्थानीय तहसील में मंगलवार को जिलाधिकारी मोनिका रानी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें सर्वोदय मंडल के पूर्व महामंत्री करीब 100 ग्रामीणों के साथ ज्ञापन देने पहुंचे। इस पर राजेपुर थानाध्यक्ष ने पांच लोगों के साथ ही जाने को कहा। इसी बात पर दोनों नोकझोंक हो गई। वह वहीं पर धरने पर बैठ गए। अमृतपुर एसडीएम ने मामले को शांत किया, तब ज्ञापन दिया गया। तहसील दिवस में 160 शिकायतें आईं इसमें 16 का ही निस्तारण हो सका।
संपूर्ण समाधान दिवस में सर्वोदय मंडल के पूर्व महामंत्री लक्ष्मण सिंह 100 लोगों के साथ हर सिंहपुर कायस्थ गांव में हो रहे कटान को रुकवाने की मांग को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे। राजेपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने पांच लोगों के साथ अंदर जाने को कहा। इसी पर वह भड़क गए। उन्होंने नारेबाजी शुरू कर दी। सीओ अमृतपुर सुरेंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अकेले ही अंदर जाने को कहा। नाराज लक्ष्मण सिंह वहीं पर धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंचे अमृतपुर एसडीएम ईशान प्रताप सिंह ने लोगों को शांत कराया व सभी को अंदर भेज दिया। इसके बाद लक्ष्मण सिंह ने 17 सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
इस दौरान संपूर्ण समाधान दिवस में 150 शिकायतें आईं। इसमें से 16 का ही निस्तारण हो सका। राजीव कुमार ने शौचालय बनवाने की मांग की। गाजीपुर के रामसागर ने बंचकंडक्टर डलवाने व पोल लगवाने, नगरिया जवाहर के उमेश कुमार ने गांव में बिजली चालू कराने की मांग की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक संतोष मिश्रा, सीडीओ अपूर्वा दुबे, सीएमओ अरुण उपाध्याय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामसिंह, तहसीलदार प्रदीप सिंह आदि लोग मौजूद रहे।