सर्व शिक्षा अभियान के तहत कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को नि:शुल्क पुस्तक दिए जाने के लिए उनको मंगाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। करीब 3 लाख 15 हजार किताबें मंगाए जाने के लिए कार्यदायी संस्था को क्रय आदेश भेजा जाएगा। ताकि समय से जिले में किताबें आ सके और बच्चों को वितरित की जा सके।
बेसिक शिक्षा विभाग, अनुदानित व इंटर कालेजों में हर साल कक्षा एक से आठ तक पढ़ने वाले नौनिहालों को सर्व शिक्षा अभियान के तहत नि:शुल्क पुस्तकें दी जाती हैं। इनको मंगाने का क्रय आदेश देरी से भेजे जाने के कारण किताबें समय से नहीं आ पाती हैं। इससे नौनिहालों का कोर्स पूरा नहीं हो पाता है।
इस बार समय से पुस्तक मंगाने की बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। 30 सितंबर 2018 की छात्र संख्या के अनुसार 14 प्रकार की किताबें (मय कार्य पुस्तिकाएं) मंगाने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
करीब 3 लाख 15 हजार पुस्तकों के लिए क्रय आदेश प्रयागराज में प्रकाशक को भेजा जाएगा। इन पुस्तकों को फतेहगढ़ स्थित नरेंद्र सरीन मांटेसरी स्कूल में डीसी बालिका शिक्षा सरिता त्रिवेदी व सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी राजीव कुमार मिश्रा की देखरेख में भंडारण कराया जाएगा। बीएसए रामसिंह ने बताया कि जल्द क्रय आदेश प्रकाशक को भेजा जाएगा।
नि:शुल्क किताबें मंगाने की तैयारी शुरू
करीब 3 लाख 15 हजार पुस्तकों के लिए भेजा जाएगा क्रय आदेश