महिला के प्रेमी ने बुधवार रात मासूम बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी और भाग गया। गुरुवार को महिला की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी।
फतेहगढ़ के मोहल्ला शीशमबाग स्थित कब्रिस्तान में बने कमरे में टेंपो चालक मोनू जाटव रहता है। एक माह पूर्व टेंपो लेकर पांचाल घाट गया था। वहां जनपद हरदोई थाना हरपालपुर के अर्जुनपुर गांव निवासी बबलू का पत्नी पूजा से विवाद हो रहा था। इस दौरान मोनू ने बीचबचाव किया तो मामले ने तूल पकड़ लिया। गुस्साए बबलू ने डेढ़ वर्ष की बेटी शिवानी को गंगा में फेंकने की धमकी दी।
मोनू के हस्तक्षेप पर बबलू अपनी पत्नी पूजा व बेटी को छोड़कर चला गया। हमदर्दी दिखाने पर पूजा बेटी समेत मोनू के साथ कब्रिस्तान स्थित मकान में रहने लगी। साथ में ही मोनू के माता-पिता व अन्य परिजन भी रहते हैं। जबकि मोनू की पत्नी अपने तीन बच्चों के साथ पुराना जिला अस्पताल के पास सड़क किनारे झोपड़ी में रहती है।
जानकारी पर मोनू की पत्नी ने वहां जाकर कई बार पूजा से विवाद किया। इस पर मोनू कभी पत्नी के पास तो कभी पूजा के पास रहने लगा। पत्नी व प्रेमिका के विवाद से परेशान मोनू बुधवार रात शराब पीकर घर पहुंचा, परिजन भी रिश्तेदारी में गए थे। मोनू ने पूजा को बुलाया तो उसने खाना बनाकर आने की बात कही।
इससे गुस्साए मोनू ने पूजा की गोद से बच्ची को छीना और कमरे में ले जाकर पीट दिया। पड़ोस में शादी समारोह के शोरगुल में घर की आवाज दब गई। कुछ देर बाद पूजा कमरे में पहुंची तो बेटी बिस्तर पर अचेत पड़ी थी। इस पर मोनू से उसे समझाया कि बेटी को सुबह किसी डॉक्टर को दिखा देंगे और वह ठीक हो जाएगी।
मौके की नजाकत देख भोर होते ही मोनू घर से फरार हो गया। सुबह पूजा ने पड़ोस के लोगों को घटना की जानकारी दी। इस पर सीओ सिटी, फतेहगढ़ कोतवाल व कर्नलगंज चौकी प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पूजा ने सीओ को पूरे मामले की जानकारी दी। इस दौरान मोनू के परिजन भी घर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पूजा की तहरीर पर मोनू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत की वजह सिर में आई गंभीर चोट बताया गया है। होंठ और गाल पर भी चोटों का उल्लेख किया गया है।
कब्रिस्तान में मोनू के परिजनों का अवैध कब्जा
आला सोल्स मेमोरियल चर्च के सचिव रोजीशन विश्वासी ने बताया कि कब्रिस्तान को आठ वर्ष पूर्व पुरातत्व विभाग कब्जे में ले चुका है। इससे यहां पर पूर्व में रहे चौकीदार के परिजनों का रहना अवैध है। कमेटी की बैठक में निर्णय लेने के बाद चौकीदार से कमरा खाली करने को कहा जा चुका है। मोनू चौकीदार का रिश्तेदार है। अवैध रूप से रहने वाले यहां अराजकता भी फैलाते हैं। इसकी भी शिकायत की जा चुकी है। अब जिलाधिकारी से शिकायत कर अवैध कब्जा हटवाया जाएगा।
फोटो : 25 - गमगीन बैठी बच्ची की मां पूजा।
फोटो : 26- आरोपी मोनू