कायमगंज (फर्रुखाबाद)। कोतवली क्षेत्र के गांव कुंवरपुर इमलाक में एक परिवार के चार लोगों की हालत बिगड़ने के बाद एक बालक की मौत होने के मामले में प्रशासन में अफरातफरी मच गई। एसडीएम ने मौके पर जाकर जांच की। पाया गया कि मटर-आलू की सब्जी में किसी विषाक्त चीज के पड़ने से परिवार के लोगों की हालत बिगड़ी थी।
क्षेत्र के गांव कुंवरपुर इमलाक निवासी पप्पू ने बुधवार की रात 14 वर्षीय बड़े पुत्र अमन, 11 वर्षीय गौतम, 5 वर्षीय सचिन के साथ मटर आलू की सब्जी खाई थी। इससे चारों की हालत बिगड़ गई। उन्हें सीएचसी से लोहिया अस्पताल रेफर किया गया था। गौतम की हालत में सुधार न होने पर उसे सैफई भेजा गया था। गुरुवार की रात सैफई में गौतम की मौत हो गई। दो माह से सरकारी राशन में मक्के का वितरण शुरू हो गया है।
आशंका व्यक्त की गई कि मक्के की रोटी खाने से चारों की हालत बिगड़ गई। इस पर प्रशासनिक अधिकारी चिंतित हो गए। एसडीएम अनिल कुमार ने गांव पहुंचकर जांच की। परिजनों ने बताया कि मक्का का कुछ आटा उन्होंने अपने रिश्तेदार को भी दिया था। उनके यहां मक्का की रोटी खाने से कोई बीमार नहीं हुआ। एसडीएम ने बताया कि मटर-आलू की सब्जी में कोई विषाक्त चीज गिर गई, जिससे उनकी हालत बिगड़ी। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है।