फर्रुखाबाद। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के एरियर भुगतान के मामले में बृहस्पतिवार तक 30 आवेदन लंबित थे। शुक्रवार को लंबित आवेदनों की संख्या 100 पहुंच गई। एक दिन में 70 आवेदन पोर्टल पर लंबित दिखाई देने लगे।
एरियर भुगतान के लिए शिक्षक को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। खंड शिक्षाधिकारी से जांच होने के बाद उसे बीएसए कार्यालय फॉरवर्ड किया जाता है। अगस्त माह में समीक्षा के दौरान महानिदेशक स्कूल शिक्षा को जिले के 536 शिक्षकों के एरियर भुगतान के मामले लंबित मिले थे।
इस संबंध में बृहस्पतिवार को बेसिक शिक्षा विभाग के प्रभारी वित्त एवं लेखाधिकारी राजकुमार यादव ने बताया था कि मौजूदा समय में सिर्फ 30 शिक्षकों का ही एरियर बाकी रह गया होगा। अब वे कह रहे हैं कि शुक्रवार तक उनके पोर्टल पर एरियर भुगतान के लिए 100 शिक्षकों के आवेदन लंबित पड़े हैं।
उन्होंने बताया कि ग्रांट न होने के चलते भुगतान नहीं हो पा रहा है। वहीं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी ब्लॉकवार कितने शिक्षकों के एरियर भुगतान के मामले लंबित चल रहे हैं, इसकी जानकारी नहीं दे सके। सूत्रों ने बताया कि विभागीय अधिकारी महानिदेशक स्कूल शिक्षा के उस पत्र की भी खोजबीन करवाते रहे, जिसमें जिले में 536 शिक्षकों के एरियर भुगतान लंबित करना दर्शाया गया।