संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने का झांसा देकर साइबर क्राइम के शातिर ने ग्रामीण से 65 हजार रुपये ठग लिए। ठगी की जानकारी होने पर ग्रामीण ने एसपी-डीएम और सीएम के आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव जसमापुर निवासी राजमिस्त्री ललित कुमार के मोबाइल पर गत माह एक नंबर से काल आई। उसने ललित को प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कराने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। कहा कि आवास के लिए तीन लाख 20 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। चेक प्राप्त करने के लिए उसके खाते में रुपये जमा करने होंगे। ललित ने झांसे में आकर जालसाज के बताए बैंक खाते में पहले 15400 रुपये, इसके बाद 6300 रुपये आरटीजीएस से जमा कर दिए। एक जनवरी को जालसाज ने ललित के व्हाट्सएप पर बिना हस्ताक्षर किए तीन लाख 20 हजार की चेक डाली, कहा कि चेक तैयार है। जालसाज के कहने पर ललित ने फैजाबाद के रुधौली स्थित सेंट्रल बैंक खाते में दो बार में 34300 डाले। ललित ने बताया पांच बार में कुल 65 हजार रुपये वह जमा कर चुका है। इसमें करीब 20 हजार रुपये उसने उधार लिए हैं। अभी भी जालसाज उसे फोन कर खाते में रुपये डालने को कह रहा है। राजमिस्त्री ने गुरुवार को जिलाधिकारी, एसपी व मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की है।