संकिसा (फर्रुखाबाद)। अन्ना मवेशी से बाइक टकराने पर मेेरापुर थाना क्षेत्र के गांव पखना निवासी आलोक मिश्रा (35) पुत्र हरिशचंद्र मिश्रा की बुधवार को मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
आलोक मिश्रा गांव दुल्ला मई निवासी दोस्त कुलदीप शर्मा के साथ बाइक से फर्रुखाबाद गए थे। देर रात वह घर आ रहे थे। गांव नगला सूदन के निकट सड़क पर अचानक आए अन्ना मवेशी से उनकी बाइक टकरा गई। इससे दोनों दूर जा गिरे। देर रात तक आलोक के घर न पहुंचने पर परिजन उन्हें ढूंढने के लिए पखना चौराहे की तरफ जा रहे थे। गांव नगला सूदन के निकट दोनों बेहोशी हालत में पड़े मिले।
सूचना पर पहुंची यूपी-100 पुलिस ने जांच की। कुछ ही देर में पहुंची एंबुलेंस से आलोक मिश्रा व कुलदीप को मोहम्दाबाद सीएचसी भेजा गया। इलाज के दौरान आलोक की मौत हो गई। दोस्त कुलदीप शर्मा की हालत में सुधार है। आलोक मिश्रा के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं। वह अपने दो भाइयों में बड़े थे। पत्नी लवली, भाई आवेश व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। गुरुवार दोपहर बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मेरापुर थानाध्यक्ष सुदीप मिश्र ने बताया की परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। ब्यूरो