फर्रुखाबाद। कोरोना महामारी में आर्थिक संकट के चलते श्रमिकों को रोजगार देने के लिए जिले की सभी 600 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत तालाबों का निर्माण कराया जाएगा। इसमें जॉब कार्डधारक प्रवासियों को प्राथमिकता के आधार पर काम दिया जाएगा। इससे जल संचयन के साथ श्रमिकों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जनपद में चलाई जा रही ग्राम सरोवर योजना के तहत मनरेगा से ग्राम पंचायतों में तालाबों पर काम कराया जा रहा है। जिले की सभी 600 ग्राम पंचायतों में एक-एक तालाब का निर्माण कराने की योजना बनाई गई है। इन तालाबों को बरसात से पहले ही बनाने के निर्देश हैं। 231 तालाबों की खुदाई का काम चल रहा है। इनमें 55 की खुदाई पूर्ण कर ली गई है। जॉब कार्ड धारक व प्रवासी श्रमिकों को काम देने की प्राथमिकता है। इन तालाबों के किनारे पौधारोपण भी कराया जाएगा। पौधों की देखरेख व सिंचाई के लिए मेट लगाए जाएंगे। इससे जल संचयन होगा। वहीं मत्स्य पालन को खोदे गए तालाबों से सिंचाई की सुविधा मिलेगी। मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि गत वर्ष 80 तालाबों का कार्य पूर्ण कराया गया था। मनरेगा श्रमिकों को 201 रुपये प्रति दिन के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है।