फर्रुखाबाद। मोहम्मदाबाद ब्लॉक क्षेत्र में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख सहित पांच परिजनों का बीडीसी पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय है। वहीं एक महिला प्रधान व एक अन्य बीडीसी प्रत्याशी का अकेला नामांकनपत्र दाखिल होने से निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।
मोहम्मदाबाद के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अमित दुबे उर्फ बब्बन ने गांव नगला बाग रठौर के वार्ड नंबर 118 से बीडीसी के लिए नामांकनपत्र दाखिल किया है। जबकि उनकी पत्नी कुमकुम दुबे ने गांव ज्योता के वार्ड नंबर 105 से, भाई अनुराग दुबे उर्फ डब्बन ने गांव हरकमपुर बरारिख के वार्ड 124 से, भाई अभिषेक दुबे उर्फ जीतू ने गांव सिनौड़ा पृथ्वी गनपतपुर बदनपुर के वार्ड 102 से व उनकी पत्नी जौली ने इसी गांव के वार्ड 101 से बीडीसी पद के लिए नामांकन किया है। उनके विरोध में कोई नामांकन न होने से सभी का निर्विरोध निर्वाचन होना तय हो गया है। निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख की मां प्रधान कुसुम लता दुबे ग्राम पंचायत सिनौड़ा पृथ्वी से वर्ष 1995 से अब तक लगातार निर्विरोध निर्वाचित होती रहीं हैं। इस बार ग्राम पंचायत अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित होने से गांव की गुड्डी देवी ने नामांकन किया। उनके विरोध में भी कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ। इससे गुड्डी देवी का भी निर्विरोध प्रधान बनना तय हो गया है। इसके अलावा गांव कुबेरपुर के वार्ड 103 से अजंट ने बीडीसी पद पर पर्चा दाखिल किया है। उनका भी निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है।