फर्रुखाबाद। जिला पंचायत चुनाव में तीसरे चरण के नामांकन के लिए पहले दिन 58 पर्चे दाखिल किए गए। पहले दिन सपा नेताओं ने पत्नी, पुत्र के साथ नामांकन कराया। तीसरे चरण में कायमगंज विकास खंड में चुनाव हैं।
कायमगंज ब्लाक की पांच सीटों के लिए पहले दिन 58 नामांकन किए गए। वार्ड एक से राजकुमार, अवधेश कुमार, सुरजीत, लक्ष्मी रीटा, सुधीर कुमार, और राहुल प्रताप ने नामांकन कराया। लक्ष्मी रीटा ने नामांकन पत्र के दो सेट दाखिल किए। वहीं वार्ड दो से धर्मेंद्र कश्यप, अलीगंज विधायक के पुत्र सुबोध यादव, इनकी पत्नी रश्मि यादव, कुंअरपाल, लज्जावती, अशोक कुमार, खुशनवाज खां, अजमत उल्ला, प्रवीन कुमार, मोहम्मद आतिक ने नामांकन कराया।
वार्ड तीन में राम प्रकाश यादव, इनके पुत्र अमित कुमार, पत्नी गुड्डी देवी, शशिकांत, रूम सिंह, ओमपाल, रेखा कुमारी, उदयवीर, रमेश चंद्र, कृष्णपाल सिंह व सत्यम ने पर्चे भरे। सपा विधायक के पुत्र सुबोध यादव, इनकी पत्नी रश्मि यादव और रामप्रकाश यादव ने दो सेटों में नामांकन करवाया।
इसी तरह वार्ड चार में 14 व वार्ड पांच में 13 नामांकन हुए। सपा नेताओं ने समर्थकों के साथ नामांकन कक्ष में घुसने के लिए पुलिस से जद्दोजहद की। पुलिस कर्मियों ने सपा नेताओं के साथ प्रस्तावक को ही अंदर जाने के आदेश का हवाला देते हुए किसी तरह सत्ताधारी दल के नेताओं से निजात पाई। नामांकन कक्ष में एक साथ कई प्रत्याशियों के पहुंचने से गहमागहमी का माहौल बना रहा।