लोकसभा चुनाव में जहां सपा और भाजपा नेता एक-दूसरे पर करारे कटाक्ष करने से बाज नहीं आ रहे हैं। वहीं बीती रात भाजपा की गुप्त बैठक में सपा के एक पूर्व विधायक का पहुंचना जिले की राजनीति में कुछ और ही इशारा कर रहा है। हालांकि भाजपा की इस बैठक की किसी को कानों कान खबर तक नहीं लगी।
जिले से प्रत्याशी घोषित करने के लिए भाजपा काफी गहनता से मंथन कर रही है। बताते हैं कि बुधवार देर शाम ठंडी सड़क स्थित एक होटल में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने टिकट के लिए आवेदन किए लोगों का फीडबैक जानने के लिए पार्टी के जिलाध्यक्ष भूदेव राजपूत, विधायक, पूर्व विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों के साथ गुप्त बैठक की।
उन्होंने सभी से अलग-अलग जिले का फीडबैक लिया। सूत्रों की मानें तो भाजपा की गुप्त बैठक में सपा के एक पूर्व विधायक भी पहुंच गए। उन्होंने भी भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। सपा के पूर्व विधायक की भाजपा नेताओं से हुई मुलाकात जिले की राजनीति में कहीं कोई नया गुल तो नहीं खिला सकती है।
कहीं ऐसा तो नहीं सपा पूर्व विधायक ने भाजपा नेताओं से यह मुलाकात फर्रुखाबाद या फिर कन्नौज लोकसभा सीट से किस्मत आजमाने के लिए की हो। क्योंकि राजनीति में ऊंट किस करवट बैठेगा। यह किसी को भी पता नहीं रहता है। सपा के पूर्व विधायक की यह मुलाकात राजनैतिक गलियारों में खासी चर्चा में है।
भाजपा की गुप्त बैठक में पहुंचे सपा के पूर्व विधायक
टिकट को लेकर क्षेत्रीय अध्यक्ष पदाधिकारियों के साथ कर रहे थे मंथन