फर्रुखाबाद। यूपी बोर्ड की परीक्षा मंगलवार को लगभग सभी केंद्रों पर होगी। प्रश्नपत्रों को खोलने से पहले उन पर पड़ी तारीखों को ध्यान से देखने के केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी अन्य तारीख का प्रश्नपत्र धोखे से न खुल जाए।
मंगलवार को प्रथम पाली में सुबह 8 से 11.15 बजे तक हाईस्कूल के हिंदी के प्रश्नपत्र की परीक्षा है। इंटर की बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार, सामान्य आधारिक विषय की परीक्षा होगी। शाम पाली में इंटर के हिंदी विषय की परीक्षा कराई जाएगी। सभी सचलदल प्रभारियों को छापेमारी करने और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर बैठकर परीक्षा कराने के आदेश दिए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया है कि प्रश्नपत्र का बंडल खोलने से पहले उसके ऊपर पड़ी तारीख को ध्यान से देख लें। ताकि गलत प्रश्नपत्र का बंडल न खुल जाए। जिस केंद्र पर गलत प्रश्नपत्र का बंडल खोले जाने की जानकारी मिली तो उस केंद्र व्यवस्थापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों की लगी ड्यूटी
फर्रुखाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षाएं कराने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवक और युवतियों की रिजर्व में ड्यूूटी लगा दी है। 750 डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त युवक-युवतियों को ड्यूटी लगाई गई है। जिस विद्यालय में कक्ष निरीक्षक की आवश्यकता होगी। वहां पर डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त को भेजा जाएगा। ब्यूरो