कांशीराम कॉलोनी में 400 को नोटिस
फर्रुखाबाद। शहर में बनीं तीनों कांशीराम कॉलोनी के 400 लाभार्थियों को डूडा ने नोटिस जारी किए हैं। इनमें 200 घरों में ताले लटके मिले और 200 में लाभार्थियों की बजाए दूसरे परिवार रहते मिले। 17 फरवरी तक संतोषजनक जवाब न मिलने पर आवंटन रद कर दिया जाएगा।
शहर में हैवतपुर गढ़िया, टाउन हाल और बंधौआ में कांशीराम कॉलोनी बनी हैं। इनमें 1500 आवास हैं। सभी आवासों का आवंटन कई वर्ष पहले किया जा चुक है। कांशीराम कॉलोनी के आवासों को किराए पर उठाने, आवंटित आवास बेचने और अपात्रों को आवंटित करने की शिकायतें प्रशासन को मिल रही थीं। पिछले महीने डूडा ने चार सदस्यीय टीम से कॉलोनियों की जांच कराई।
तीनों कॉलोनियों में 200 आवासों पर ताले लटके मिले। टीम को पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि जिसे आवास आवंटित हुआ है वह यहां नहीं रहता है। इसी तरह 200 आवासों में लाभार्थी की जगह दूसरे लोग रहते मिले। अब डूडा ने सभी 400 लाभार्थियों को नोटिस जारी किए हैं।
सभी से 17 फरवरी तक तक जवाब मांगा गया है। लाभार्थियों को आधार कार्ड और अन्य कागजात भी अपने साथ डूडा कार्यालय लाने होंगे। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आवास का आवंटन रद कर जरूरतमंदों को देने की तैयारी है।
चार सौ लोगों को नोटिस तामील करा दिए गए हैं। घर पर ताला लगा होने और दूसरे के रहने के संबंध में जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आवास आवंटन रद कर दिया जाएगा। खाली होने वाले आवास नियमानुसार जरूरतमंदों को आवंटित किए जाएंगे। -जयविजय सिंह, पीओ डूडा