फर्रुखाबाद। शहर की सातनपुर मंडी पर 40 लाख रुपये बिजली बिल बकाया है। इससे सभी आढ़तियों के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। मंडी सचिव ने आढ़तियों को व्यक्तिगत बिजली कनेक्शन देने के लिए अधिशासी अभियंता को पत्र भेजा है।
सातनपुर मंडी में 112 किलोवाट के सिंगल प्वाइंट कनेक्शन पर आढ़ती भरपूर बिजली खर्च करते रहे। इसके बावजूद बिल जमा नहीं किया गया। इससे मंडी पर 40 लाख रुपये बिल बकाया हो गया। जब बिजली विभाग से सख्ती हुई और मंडी का ही कनेक्शन काट दिया तो सतर्कता बढ़ी।
मंडी सचिव अनूप कुमार दीक्षित ने बताया कि उन्होंने अपने कार्यकाल जुलाई से अब तक का बिजली बिल जमा कर मंडी का कनेक्शन जुड़वा लिया है। मंडी में कुल 245 दुकानें हैं। सभी आढ़तियाें की दुकानों का बिजली कनेक्शन काट दिया गया है।
विभाग के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर आढ़तियों को अलग-अलग बिजली कनेक्शन देने के लिए कहा है। इससे दुकानों पर खर्च होने वाली बिजली का बिल आढ़ती स्वयं भुगतान करेंगे। पुराना बिल आढ़तियों से वसूलकर बिजली विभाग के 40 लाख रुपये अदा किए जाएंगे। (संवाद)