सराफा दुकान के ताले काटकर 4.50 लाख की चोरी
नवाबगंज। सराफ की दुकान के ताले काटने के बाद चोर तिजोरी की चाभी मिलाकर साढ़े चार लाख के जेवर व नगदी चुरा ले गए। सोमवार देर शाम इसी सराफ का बैग छिन गया था। दुकान मालिक की सूचना पर सराफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।
गांव पुठरी में थाना क्षेत्र के गांव सिरौली निवासी वीरेंद्र वर्मा की सराफे की दुकान है। सोमवार रात चोरों ने उनकी दुकान के ताले कटर से काट दिए। दुकान में घुसे चोरों ने चाभियां मिलाकर तिजोरी खोल ली। यहां से साढ़े चार किलो चांदी व 20 ग्राम सोने के जेवर के अलावा बिक्री के 44 हजार रुपये चुरा ले गए। मंगलवार सुबह दुकान मालिक रामप्रकाश ने ताले कटे देखे तो वीरेंद्र को जानकारी दी। वीरेंद्र परिवार के लोगों के साथ पहुंचे। दुकान से सारे जेवर व नगदी गायब देख उनके होश उड़ गए।
बता दें कि सोमवार देर शाम दुकान बंद करके घर जाते समय बाइक सवार दो युवकों ने उनका बैग लूट लिया था। बैग में तीन जोड़ी पायलें व एटीएम ही था। घटना की जानकारी पर प्रभारी एसओ विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और छानबीन के बाद चोरों की तलाश में जुट गए।
पुलिस के सामने अब लुटेरों के अलावा चोरों को पकड़ने की चुनौती है। वहीं क्षेत्र के दुकानदार पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े कर रहे हैं। वीरेंद्र ने घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद मुकदमा दर्ज करने का भरोसा दिया है।
मकान में नकब लगाकर बीस हजार रुपये चोरी
गांव नवादा निवासी रणवीर सिंह के घर में सोमवार रात चोरों ने पीछे की दीवार में नकब लगा दी। घर के अंदर घुसे चोर बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे बीस हजार रुपये चुरा ले गए। मंगलवार सुबह रणवीर सिंह ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
80 हजार के जेवर व नगदी चोरी, पड़ोसी के घर में प्रयास
शमसाबाद। सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते से पहुंचे चोर घर से 80 हजार के जेवर व नगदी चुराकर ले गए। चोरों ने पड़ोसी के मकान में चोरी करने का प्रयास किया।
गांव खुड़ना वैध निवासी अवधेश कुमार सोमवार रात परिजनों के साथ घर में सो रहे थे। रात में किसी समय चोर सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंच गए। चोरों ने दूसरे कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर सोने की चेन, पायल, खड़ुुआ समेत दस हजार रुपये चुरा लिए और उसी रास्ते से चले गए।
चोरों ने पड़ोस के घर में भी चोरी का प्रयास किया। परिजनों के जागने पर भाग गए। मंगलवार सुुबह अवधेश ने कमरे का सामान बिखरा देखा तो उनको चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने छानबीन कर कार्रवाई करने की बात कही है। (संवाद)