फोटो-16, दुकान पर टूटी पड़ी गुल्लक। संवाद
फर्रुखाबाद। मिशन अस्पताल के पास मूर्ति बेच रहे एक दुकानदार की गुल्लक से बाइक सवार चोरों ने 38 हजार रुपये व मोबाइल चोरी कर लिया। जागने पर चोर भाग गए। तहरीर के बावजूद पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की।
कादरीगेट थाने के गांव खानपुर निवासी अंशुल प्रजापति आवास विकास चौकी से चंद कदमों की दूरी पर मिशन अस्पताल के पास गणेश लक्ष्मी की मूर्ति की दुकान लगाए है। रोज की तरह रविवार रात वह दुकान में सोया था। सोमवार सुबह करीब तीन बजे चोर पॉलिथीन हटाकर दुकान में घुसे और गुल्लक में रखे 38 हजार रुपये, 25 हजार रुपये कीमत का मोबाइल निकाल लिया।
जब चोर बाहर निकले, तो अंशुल की आंख खुल गई। उसने शोरगुल करके पीछे भागना शुरू किया। मगर बाहर खड़ी बाइक से चोर मौके से फतेहगढ़ की ओर भाग गए। अंशुल ने थाने में तहरीर दी। बताया कि एक बार ही पुलिस आई थी। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें कोई सूचना नहीं है। तहरीर आएगी, तो जांच कर कार्रवाई करेंगे।