मंगलवार को सुबह पाली में हुई हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा को 3696 परीक्षार्थियों ने छोड़ दिया। दो परीक्षा केंद्रों पर चार छात्र नकल करते पकड़े गए। शाम पाली में इंटर की कृषि भौतिक विज्ञान की परीक्षा को 13 और समाजशास्त्र की परीक्षा को 1180 परीक्षार्थियों ने छोड़ दिया।
प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी विषय के पेपर की परीक्षा थी। इसमें 28031 छात्र पंजीकृत थे। इनमें से 3696 ने परीक्षा छोड़ दी। 24335 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। नवाबगंज के एसकेएम इंटर कालेज चांदपुर में केंद्र व्यवस्थापक रीता पाठक ने सुबह पाली में छापेमारी अभियान चला कर एक छात्र को नकल करते पकड़ लिया। एपी सिंह के सचलदल ने इसी विद्यालय में छापेमारी की।
तो एक और छात्र नकल करते पकड़ा गया। आदर्श जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरखा में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने छापा मारा। इन्होंने दो छात्रों को नकल करते पकड़ लिया। शाम पाली में इंटर की कृषि भौतिक विज्ञान की परीक्षा हुई। इसमें पंजीकृत 213 परीक्षार्थियों में से 13 ने परीक्षा छोड़ दी और 200 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इसी पाली में समाजशास्त्र की परीक्षा में 6974 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 5784 परीक्षा में शामिल हुए और 1180 ने परीक्षा छोड़ दी।
सचलदलों को समय से निकलने को लिखा पत्र
जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेश बाबू ने सचलदल प्रभारियों को परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए छापेमारी के लिए समय से निकलने के लिए पत्र लिखा है। सचलदल प्रभारियों को भेजे गए पत्र में जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सुबह पाली की परीक्षा में छापेमारी के लिए सचलदलों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में सुबह छह बजे और शाम पाली में एक बजे आना है। लेकिन कई सचलदल समय से कार्यालय में उपस्थित नहीं होते। इस कारण छापेमारी के लिए वह विद्यालयों में छापेमारी करने के लिए नहीं निकल पाते है। सभी सचलदल प्रभारी समय से कार्यालय में उपस्थित नहीं होते है तो उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी जाएगी।