फर्रुखाबाद। नगर क्षेत्र के जसमई तिराहा पर बनने वाले 33 केवी बिजली उपकेंद्र का भूमि पूजन शुक्रवार को किया गया। इस उपकेंद्र के बनने से नगर क्षेत्र के लोगों को बिजली समस्या से निजात मिलेगी। उपकेंद्र 7.39 करोड़ की लागत से बनेगा।
सदर विधायक की पहल पर मुख्यमंत्री ने जसमई तिराहा व सेंट्रल जेल पर 33-33 केवी के बिजली उपकेंद्र स्वीकृत किए थे। शुक्रवार को मुख्य अतिथि सदर विधायक मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने जसमई तिराहा पर पहुंचकर 33 केवी पावर हाउस के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि जसमई तिराहा पर 33 केवी का उपकेंद्र बनने से शहरवासियों को बिजली की समस्या से काफी निजात मिलेगी। शहर का लोड बंट जाएगा।
एसई अजय कुमार ने कहा कि 33 केवी उपकेंद्र जसमई के निर्माण में 7.39 करोड़ रुपये खर्च होंगे। उपकेंद्र में पांच-पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। इसके साथ ही अन्य उपकरण भी लगेंगे। उपकेंद्र में चार फीडर मऊदरवाजा, गल्ला मंडी, बजरिया व टाउनहॉल बनाए जाएंगे। जल्द ही सेंट्रल जेल में भी उपकेंद्र निर्माण के लिए भूमि पूजन कराया जाएगा।
अधिशासी अभियंता शहरी बृजभान सिंह ने बताया कि उपकेंद्र बनने के बाद इस पर लगभग 10 एमवीए का लोड लिया जाएगा। यानी शहर क्षेत्र के लगभग तीन हजार घरों का लोड इस उपकेंद्र पर डाला जाएगा। इस अवसर पर एक्सईएन ग्रामीण सुनील कुमार, प्रधान संजीव दुबे व प्रतीक दुबे आदि मौजूद रहे।
इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
नूरपुर, पचपुखरा, झौनी नगला, टिकुरियन नगला, अजमतपुर, जसमई, गढ़ी अशरफ अली, कुइंयाबूट, मेमरान, टैगोर कॉलोनी, बजरिया जाफर खां, बजरिया निहालचंद्र, बजरिया मौलवी बदन खां, गढ़ी हिम्मत बहादुर, सखावत हुसैन, शमसेर खानी, हांता मझले खां, हाता महमूद खां, हांता सूफी खां, गढ़ी जान अली, सईदन मोहल्ला, कन्हई नगला, गढ़ी मुकीम खां, नक्कारचियान, कटरा बख्शी, नेकनाम खां, बहादुरगंज, बहादुरगंज तराई, रकाबगंज खुर्द, मीला कॉलोनी, अस्तबल तराई, टाउन हाल, रकाबगंज कलां, टाउनहाल तिराहा, तिकोना, पक्कापुल तलैया, बैजनाथ स्ट्रीट, सूफी खां, साहब जादगान, तलैया साहब जादगान।