कमालगंज। ग्राम प्रधान को बताए बिना उसका डोंगल लगाकर ग्राम निधि से 33 हजार रुपये का फर्जी भुगतान कर दिया गया। ग्राम प्रधान के पति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी ग्राम पंचायत अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ग्राम पंचायत न्यामतपुर ठाकुरान की निवर्तमान प्रधान शालिनी के पति मुनेश्वर सिंह ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा कि ग्राम पंचायत अधिकारी ने प्रधान को बताए बिना उनके डोंगल से दो बार में 33 हजार रुपये का फर्जी भुगतान निकाल लिया। प्रधान का डोंगल ग्राम पंचायत अधिकारी ही अपने पास रखे थे। इसके जरिये 24 सितंबर को मोहम्मद शकील के नाम से 15 हजार, 23 अक्तूबर को मोहम्मद रफीक व शकील के नाम से 18 हजार रुपये का फर्जी भुगतान किया गया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो खंड विकास अधिकारी ने पंचायत अधिकारी से प्रधान वाला डोंगल वापस दिला दिया था। थाने के एसएसआई रामसेवक वर्मा ने बताया कि ग्राम निधि से फर्जी भुगतान किए जाने के संबंध में प्रार्थनापत्र आया है। मामले की जांच की जाएगी। मुनेश्वर सिंह का कहना है कि 33 हजार रुपये का जो फर्जी भुगतान किया गया है। यह किस काम या खरीदारी के लिए हुआ है इसकी कोई जानकारी नहीं है। इस संबंध में ग्राम पंचायत अधिकारी ही बता सकते हैं।