लाल सराय पानी टंकी के पास बीच सड़क पर खड़े ट्रक को हटाने के लिए धक्का मारते पुलिस कर्मी व अन्य लोग।
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। जिम्मेदारों की अनदेखी से नो एंट्री जोन में घुसा ट्रक बीच सड़क पर बंद हो गया। इससे जाम लग गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे डीएम व अन्य अधिकारियों की गाड़ियां भी फंस गईं। इस पर डीएम के काफिले को पास की गली से होकर गुजारा गया। पुलिस कर्मियों ने ट्रक को हटाने के लिए धक्का लगाया, मगर सफलता नहीं मिली। करीब सवा घंटे बाद पहुंची क्रेन से ट्रक हटवाया जा सका। तब तक जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। टीएसआई ने ट्रक पर 3100 रुपये का जुर्माना किया है।
मैदा के बोरों से भरा एक ट्रक रविवार सुबह करीब 10 बजे लिंजीगंज से लाल सराय के पास बीच रोड पर बंद हो गया। चालक के तमाम प्रयास के बावजूद ट्रक स्टार्ट नहीं हो सका। इस पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब साढ़े 10 बजे डीएम का काफिला पहुंचा, तो वह भी जाम में फंस गया। हालांकि कुछ ही देर बाद डीएम समेत अन्य गाड़ियों को गलियों से होकर रवाना किया गया। करीब आधा घंटे बाद कोतवाली और यातायात पुलिस के जवान पहुंचे। ट्रक में आसपास को लोगों की मदद से धक्का लगाकर हटाने का प्रयास किया गया। जब सफलता नहीं मिली, तो टीएसआई देवेश कुमार ने क्रेन मंगवाकर ट्रक को हटवाया। करीब सवा 11 बजे ट्रक खींचकर लालगेट ले जाया गया। वहां धक्का लगाकर स्टार्ट किया गया। इस दौरान लालगेट से चौक होते हुए तहसील जाने वाला मुख्यमार्ग बंद होने से यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। तमाम लोग गलियों से होकर निकलते रहे।
दरोगा और सिपाही में गालीगलौज
जाम में जब डीएम का काफिला फंस गया, तो एक यातायात सिपाही ने उस वक्त ड्यूटी करने वाले दरोगा को फोन करके ट्रक फंसने और जाम की सूचना दी। सिपाही की ओर से सूचना देना दरोगा को काफी खराब लगा। दरोगा ने पहुंचते ही सिपाही से विवाद शुरू कर दिया। कुछ देर सिपाही ने दरोगा की अभद्रता सुनी। फिर उसे भी गुस्सा आ गया। बीच रोड पर सिपाही और दरोगा में गालीगलौज हो गई। हालांकि कुछ लोगों ने बीचबचाव कर दिया।
टीएसआई ने बताया कि नो एंट्री जोन में घुसने पर 2500 रुपये जुर्माना और 600 रुपये क्रेन के वसूले गए हैं। ट्रक चालक को हिदायत दे दी गई है। उन्होंने बताया कि ट्रक रात में आया था। आधा माल उतारने के बाद वह शेष माल दूसरी गोदाम में ले जा रहा था। अचानक खराब हो गया। बताया कि दरोगा और सिपाही में मामूली विवाद हुआ था। समझा दिया गया है।
लाल सराय पानी की टंकी के पास ट्रक खराब होन से लगे जाम में फंसे लोग। संवाद- फोटो : FARRUKHABAD