राजपूत रेजीमेंट सेंटर के करियप्पा मैदान पर शुरू हुई रैली भर्ती के पहले दिन युवाओं ने ट्रैक पर दमखम दिखाया। दिल में देशभक्ति का जज्बा लिए युवा सर्दी की परवाह किए बगैर सरपट दौड़े। आनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाने वाले 5830 युवकों में से 4850 ने ही भर्ती में हिस्सा लिया।
बरेली बीआरओ की ओर से शनिवार को शुरू की गई रैली भर्ती के पहले दिन बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जिलों के युवाओं की भर्ती हुई। कड़ाके की सर्दी के बावजूद युवकों का उत्साह देखने लायक था। प्री-हाइट टेस्ट पास करने के बाद युवकों के कॉल लेटर पर मोहर लगाकर उनके शैक्षिक प्रमाण पत्रों और बुलावा पत्र को सत्यापन के लिए एकत्र किया गया। कड़ाके की सर्दी के बीच युवक देश प्रेम को दिल में संजोए अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
र्शलिंग क्षेत्र में युवकों को अलग-अलग ट्रेड के अनुसार ग्रुप में बांटा गया। सुबह 6.45 बजे से दौड़ परीक्षा शुरू हुई। युवकों को 200 से 250 के ग्रुप में दौड़ाया गया। दौड़ पास करने के लिए युवकों का जोश देखते ही बना। एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कुछ युवा ट्रैक पर गिरकर जख्मी हो गए। पैरों में लगी चोट की परवाह किए बिना अभ्यर्थियों ने अपनी दौड़ को पूरा किया। दौड़ प्रतियोगिता को 5.10 मिनट में पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को पहले और 6 मिनट तक लक्ष्य को पाने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे ग्रुप में रखा गया।
भर्ती अधिकारी कर्नल जेएस धनोवा ने बताया कि शनिवार की भर्ती के लिए 5830 युवकों ने ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन कराया था। 4850 युवक ही भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचे। कर्नल ने बताया कि 327 युवकों को दौड़ प्रतियोगिता में पास घोषित किया गया।
बीआरओ बरेली की ओर से की जा रही सेना भर्ती के दूसरे दिन फर्रुखाबाद तहसील क्षेत्र की भर्ती होगी। भर्ती अधिकारी कर्नल जेएस धनोवा ने बताया कि 18 दिसंबर की भर्ती के लिए 8450 युवकों ने ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन कराया है।
बरेली बीआरओ की रैली भर्ती राजपूत रेजीमेंट सेंटर के करियप्पा मैदान में हो रही है। भर्ती अधिकारी ने बताया कि भर्ती में दौड़ परीक्षा के लिए ट्रेड बार युवकों को दौड़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रैली में जीडी सोल्जर, एसकेटी क्लर्क, एसकेटी जीडी, टेक्निकल सोल्जर व ट्रेड्समैन के पदों पर भर्ती की जा रही है। ट्रेड्समैन में टेलर, ड्रेसर, कुक, वाशरमैन, हाउस कीपर, स्टुअर्ट, स्पोर्ट मैन आदि के लिए पद आरक्षित हैं।