फर्रुखाबाद। बृहस्पतिवार से 19 केंद्रों पर तीन दिन होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में 31,560 अभ्यर्थी भाग लेंगे। सभी केंद्रों पर बुधवार शाम तक अधिकारी व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
शहर और कमालगंज के 19 परीक्षा केंद्रों पर दो व तीन जुलाई को सुबह-शाम व चार जुलाई को सुबह की पाली में परीक्षा होगी। प्रत्येक पाली में 6,312 अभ्यर्थी भाग लेंगे। केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की पहले ही तैनाती कर दी गई है। सुबह की पाली में 9:30 से दोपहर 12 और शाम की पाली में 2:30 बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी। सभी केंद्रों का सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों के साथ डीआईओएस और अन्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों ने जायजा लिया। केंद्र पर तैनात अधिकारियों को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। रोडवेज बस अड्डा पर दूरदराज से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने के चलते कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। एआरएम राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि जहां की भीड़ अधिक हो, वहां की बस तुरंत भिजवाई जाए।