स्वास्थ्य केंद्रों से रिलीव हो चुके कई एमबीबीएस डॉक्टरों को दोबारा वहीं सेवाएं देने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
फर्रुखाबाद। 8 जून से 7 जुलाई तक जिले में 2.34 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इंद्र धनुष की सफलता के लिए दिए गए निर्देशों के अनुसार काम नहीं किया गया। अगर काम में सुधार नहीं किया गया तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कलक्ट्रेट सभागार में मिशन इंद्र धनुष की जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में डीएम अनुराग पटेल ने कहा कि 7 से 13 जून तक इंद्र धनुष अभियान को तेजी से चलाया जाए। अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 8 जून से 7 जुलाई तक पोषण माह मनाया जाएगा।
इसमें 9 माह से 5 साल तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक दी जानी है। इसके लिए 2.34 लाख बच्चों की सूची तैयार की गई है। डीएम ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्र पोषण माह को अच्छे तरीके से संचालित कराने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। डीएम ने सभी एमओआईसी को निर्देश देते हुए कहा कि गांवों में खसरा, डायरिया फैलने की निरंतर सूचनाएं आ रही है।
लेकिन स्वास्थ्य टीम गांवों में नहीं पहुंचती है। यह लापरवाही है। खसरा और डायरिया फैलने की जानकारी मिलने पर क्षेत्र से संबंधित एमओआईसी अपने टीम के साथ गांव में जाने के लिए किसी भी अधिकारी से निर्देश लेने की जरूरत नहीं है। वह टीम के साथ गांव पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करें। डीएम ने कहा कि 30 मई से 3 जून तक पल्स पोलिया अभियान चलाया जाएगा।
इसको सफाल बनाने के लिए तीन सदस्यीय बनाई गई टीमें गांव गांव जाकर पोलियो की खुराक पिलाएं। डीएम ने बीएसए को पोलियो अभियान के दौरान स्कूल खुलवाने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. चंद्र शेखर, डॉ. एसके वर्मा, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजीव कुमार राजपाल, सीडीओ एवं स्वास्थ्य केंद्रों के एमओआईसी मौजूद रहे।