फर्रुखाबाद। बिजली बिल के बकायेदारों के कनेक्शन काटने को शासन के आदेश पर अभियान चल रहा है। रविवार को शहर से गांव तक विशेष अभियान चलाया गया। इसमें 276 बकायेदारों के कनेक्शन काट कर उनके घरों की बिजली गुल कर दी गई। ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाकर आसान किस्त योजना के तहत घरेलू और नलकूप बकायेदारों के पंजीकरण किए गए। कुल 15 लाख रुपये की वसूली की गई।
एक से चार किलोवॉट तक के घरेलू और निजी नलकूप संचालकों को ब्याज में छूट देने और बकाया जमा कराने के लिए आसान किस्त योजना चल रही है। इसके तहत 29 फरवरी तक पंजीकरण होगा। बिजली बिल के जो बकायेदार पंजीकरण नहीं करा रहे है, उनके कनेक्शन काटने के आदेश हैं।
रविवार को शहर व ग्रामीण इलाकों में विशेष वसूली व कनेक्शन काटने का अभियान चलाया गया। इसके तहत शहरी क्षेत्र में बिजली बिल बकायेदारी में 86 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। करीब आठ लाख 90 हजार रुपये की वसूली की गई। ग्रामीण खंड क्षेत्र के गांवों में चले अभियान के तहत करीब 120 कनेक्शन काटे गए।
जिन लोगों ने बकाया जमा कर दिया उनके कनेक्शन नहीं काटे गए। इस प्रकार अभियान के तहत सात लाख रुपये की वसूली की गई। ग्रामीण इलाकों में कैंप लगाकर 130 उपभोक्ताओं का आसान किस्त योजना के तहत पंजीकरण किया गया। इसमें 100 निजी नलकूप संचालक और 30 घरेलू उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। कायमगंज खंड क्षेत्र में चले अभियान में बकायेदारी में 70 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए और 32 निजी नलकूप संचालकों के आसान किस्त योजना के तहत पंजीकरण किया गया।
डीएम ने सरकारी विभागों पर बकाये की मांगी लिस्ट
फर्रुखाबाद। बिजली बिल का लाखों रुपये जमा न करने पर अफसरों ने सीएमओ कार्यालय, पीडब्लूडी कार्यालय, निरीक्षण भवन व सिंचाई खंड कार्यालय का कनेक्शन काट कर बिजली गुल कर दी थी। यह मामला जिलाधिकारी के पास पहुंचा। डीएम ने एक्सईएन शहरी व ग्रामीण से किस-किस विभाग पर बिजली का कितना बकाया है, इसकी सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। जिसके आधार पर विभागीय अफसरों के साथ बिल भुगतान न करने के संबंध में डीएम बैठक करेंगे।