फर्रुखाबाद। जनपद में मंगलवार को लोहिया अस्पताल सहित 37 सरकारी अस्पतालों में कोरोना टीका लगाया गया। इसमें जिलाधिकारी व विधायक सहित 2418 लोगों ने टीका लगवाया।
दूसरे राज्यों में कोरोना संक्रमण फिर जोर पकड़ने से अब मौका मिलते ही हर कोई कोरोना टीका लगवाने के लिए आगे बढ़ रहा है। लोहिया महिला व पुरुष अस्पताल में कुल 176 लोगों को टीका लगाया गया, जबकि सिविल अस्पताल लिंजीगंज में 118 फ्रंट लाइन कर्मचारियों को दूसरे डोज का टीका लगाया गया।
लोहिया अस्पताल में सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी व उनकी पत्नी अनीता द्विवेदी ने पहला टीका लगवाया। वहीं कायमगंज सीएचसी में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने टीके का दूसरा डोज लगवाया।
सभी पीएचसी, सीएचसी व हेल्थ वेलनेस सेंटर पर 60 वर्ष से अधिक आयु के 1087 बुजुर्ग, बीमारी से ग्रसित 45 वर्ष से अधिक आयु के 710 लोगों को टीका लगवाया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रभात वर्मा ने बताया कि कुल 2418 लोगों को टीका लगाया गया है। इसमें 1832 लोगों ने पहला, जबकि 586 लोगों ने दूसरे डोज का टीका लगवाया। कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान आए फरियादियों समेत 110 लोगों का टीकाकरण किया गया।
वहीं सीएचसी पर 112 फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई है। कोरोना टीका अधिक से अधिक लोगों को लगाया जा सके, इसके लिए तहसील में शिविर लगाया गया।