बिंदकी। महिलाओं ने समूह की संचालिका पर कोटा व कालोनी दिलाने के नाम पर 24 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिलाओं ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कुशारा गांव निवासी सपना देवी पत्नी कृष्ण प्रताप सिंह, मंजू देवी पत्नी धर्मेंद्र सिंह, गुड़िया देवी पत्नी रविंद्र सिंह और अनारकली पत्नी जागेश्वर ने बुधवार को कोतवाली में शिकायती पत्र दिया। बताया कि गांव निवासी महिला एक महिला समूह का संचालन कर रही है। इसमें कई महिलाएं सदस्य हैं। आरोप है कि समूह की संचालिका ने सरकारी कोटा दिलाने, आवास दिलाने का झांसा देकर समय-समय पर सदस्यों से रुपए जमा कराए। अब तक समूह की महिलाओं की ओर से करीब 24 लाख रुपये दिए जा चुके हैं लेकिन न तो किसी को कोटा मिला और न ही कालोनी। रुपये वापस मांगने पर संचालिका इन्कार करती है। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने कहा कि शिकायती पत्र मिला है। मामले की जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।