= परीक्षा के दौरान बिजली, बस व स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा को नकलविहीन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 अक्तूबर को जिले के 22 केंद्रों पर परीक्षा होगी। इन केंद्रों पर कुल 52,128 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। परीक्षा के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति के आदेश अधिशासी अभियंता को दिए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ सभागार में बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों का संचालन किया जाए। कैमरों में तकनीकी खराबी या अन्य समस्या आने पर तत्काल सेक्टर मजिस्ट्रेट को सूचना दी जाए। इससे समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
अधिशासी अभियंता शहर को परीक्षा के दौरान बिजली की सलाई चालू रहे। सीएमओ आनंद उपाध्याय को परीक्षा केंद्रों के आसपास एंबुलेंस व दवा की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। परिवहन निगम के एआरएम राजेश कुमार को आदेश दिए हैं कि जिले में परीक्षा देने आने वाले व जिले से जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए बस सेवा को सुचारू रखने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रहें और पुलिसकर्मी निर्धारित जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करें। एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराए जाने के 22 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 22 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 22 केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में होगी।