डीपीओ सहित 21 संक्रमित, मेरापुर थाना सील
फर्रुखाबाद। जनपद में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में मेरापुर थाने के दरोगा व डीपीओ समेत 21 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। मोहम्मदाबाद के कपड़ा व्यापारी व उनकी पत्नी के संक्रमित होने के बाद पिता व बेटा भी कोरोना की चपेट में आ गया है। इससे कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 687 पहुंच गया है।
जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। सोमवार को एक दिन में सर्वाधिक 35 लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। मंगलवार को मेरापुर थाने के दरोगा सहित 8 लोग संक्रमित पाए गए। दरोगा की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मेरापुर थाना 24 घंटे के लिए सील कर दिया गया। स्वास्थ्य टीम ने थाने पहुंचकर हाई व लो रिस्क कांटेक्ट वाले लोगों की सूची बनाई। थानाध्यक्ष धर्वेंद्र कुमार ने बताया कि थाने का सैनिटाइजेशन कराया गया है। 24 घंटे के लिए संकिसा चौराहा स्थित पुलिस चौकी से ही थाने का संचालन किया जाएगा।
इसके अलावा मोहम्मदाबाद कस्बे के मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी कपड़ा व्यापारी(50) व उनकी पत्नी की 6 अगस्त को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उनके पिता(75) व बेटे (14) के भी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के गांव रसीदपुर निवासी वृद्ध (70), कायमगंज के मोहल्ला नुनहाई निवासी वृद्धा (60), गांव जिजौटा बुजुर्ग निवासी महिला (34), कमालगंज क्षेत्र के गांव बझेरा निवासी महिला(50) व नगला बाद निवासी युवती (24) के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 700 हो गई है। इनमें 412 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके। वृद्धा के अलावा 13 मरीजों की मौत हो चुकी है। 30 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 245 केस एक्टिव हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी(डीपीओ) भारत प्रसाद जांच रिपोर्ट में कोरोना संक्रमित पाए गए। इससे मुख्य विकास अधिकारी डा.राजेंद्र पैंसिया ने विकास भवन स्थित सभी कार्यालय 24 घंटे के लिए सील करा दिए। उन्होंने डीपीओ के संपर्क में आने वाले सभी अधिकारियों को जांच कराने और रिपोर्ट आने तक होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिए।
वहीं सीएमओ कार्यालय में तैनात डाटा इंट्री आपरेटर भी कोरोना की चपेट में आ गया। इससे सीएमओ कार्यालय भी 24 घंटे के लिए बुधवार शाम 6 बजे तक सील कर दिया गया। सीएमओ वंदना रानी ने कार्यालय का सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी मेडिकल स्टोर संचालक(65), बरौन सीएचसी पर तैनात एएनएम का पति(35), मोहल्ला शमशेर खानी निवासी युवक(45), मोहल्ला सखावत हुसैन निवासी वृद्ध(70) परिवार का युवक(32) व किशोरी (16), मोहल्ला बजरिया सुभाष नगर निवासी युवक(34), उसकी पत्नी(32) व बेटी (13), मोहल्ला हाता रोशन खां निवासी युवक(36) के संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
वहीं आवास विकास कालोनी निवासी किशोरी भी संक्रमित निकली है। इससे पूर्व 7 अगस्त को किशोरी की मां व बहन के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा मोहम्मदाबाद के मोहल्ला आजाद नगर निवासी कोरोना संक्रमित राइस मिल संचालक की गत माह मौत हो गई थी। उनकी मां (88) को गाजियाबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोमवार को दोबारा जांच कराई गई और मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिजन उन्हें वापस घर ला रहे थे। रास्ते में उनकी मौत हो गई। साथ ही जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई।
मोहम्मदाबाद सीएचसी सील
मोहम्मदाबाद। कसबा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य पर्यवेक्षक मोहम्मद सलीम की मंगलवार को एंटीजन किट से जांच कराई गई। वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इससे सीएचसी 24 घंटे के लिए सील कर दी गई। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ कटियार ने बताया कि अस्पताल को 24 घंटे के लिए बंद कर सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं।