फर्रुखाबाद। लोकसभा चुनाव में बेसिक शिक्षा विभाग के जो विद्यालय बूथ हैं, वहां बूथों और अफसरों के मोबाइल नंबर लिखवाए गए हैं। शहरी क्षेत्र में अधिकांश बूथों पर एसडीएम सदर के सीयूजी मोबाइल नंबर के स्थान पर तहसीलदार सदर का नंबर अंकित करा दिया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एसडीएम सदर का सीयूजी मोबाइल नंबर की जानकारी तक नहीं है।
लोकसभा चुनाव में मतदाताओं को वोट बनवाने व बूथ पर किसी प्रकार की समस्या है तो उसकी जानकारी अफसरों को दिए जाने के लिए प्रत्येक बूथ पर अधिकारियों के मोबाइल नंबर और लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र संख्या, मतदेय स्थल संख्या, विद्यालय का नाम, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उपजिलाधिकारी का मोबाइल नंबर, खंड विकास अधिकारी का मोबाइल नंबर, सुपरवाइजर का नाम और मोबाइल नंबर, बीएलओ का नाम व मोबाइल नंबर तथा टोल फ्री नंबर दीवारों पर लिखवाया गया है।
यह पूरा विवरण बूथों पर (विद्यालय के प्रधानाध्यापक) को एक कागज पर लिखकर शिक्षा विभाग के अफसरों ने भेजे थे। विभागीय अधिकारियों ने उपजिलाधिकारी सदर का सीयूजी नंबर 9454416454 के स्थान पर तहसीलदार सदर का सीयूजी मोबाइल नंबर 9454416458 लिखकर भेज दिया। प्रधानाध्यापकों ने भी उपजिलाधिकारी सदर के मोबाइल नंबर के स्थान पर तहसीलदार सदर का मोबाइल नंबर अंकित करा दिया। कुछ बूथों पर अधिकारियों के जो मोबाइल नंबर लिखे हैं, उसमें एसडीएम सदर का मोबाइल नंबर सही है।
वहीं, उसी के नीचे लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से संबंधित जो विवरण लिखा है, उसमें एसडीएम सदर का मोबाइल नंबर गलत लिखा है। जिन शिक्षकों को मोबाइल नंबर मालूम था, उन्होंने ठीक करा दिया। अन्य सभी बूथों पर एसडीएम सदर का मोबाइल नंबर गलत लिखा है। बीएसए रामसिंह ने बताया कि यदि एसडीएम सदर का गलत मोबाइल नंबर लिख गया है तो उसको ठीक करवाया जाएगा।