फर्रुखाबाद। आवास विकास निवासी रिटायर्ड चीफ फार्मासिस्ट की बेटी ने पीसीएस परीक्षा पास कर जिले का नाम रोशन किया है। उनका चयन उपजिलाधिकारी पद पर हो गया है। वह अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता को देती हैं।
आवास विकास कालोनी निवासी रिटायर्ड चीफ फार्मासिस्ट प्रभुदयाल की बेटी प्रियंका ने जवाहर नवोदय विद्यालय रोहिला से वर्ष 2000 में हाईस्कूल और 2002 में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। आरपी डिग्री कालेज कमालगंज से स्नातक करने के बाद उन्होंने पीपीएन कालेज कानपुर से परास्नातक किया। इसके बाद प्रियंका ने सिविल सेवा की तैयारी प्रारंभ की। प्रियंका का कहना है कि सिविल सेवा की परीक्षा में उन्हीं विषयों का चुनाव करना चाहिए, जिसमें रुचि रखते हैं। उनके वैकल्पिक विषय समाज कार्य और लोक प्रशासन हैं। बताया कि दो बहनें अध्यापक, एक भाई डॉक्टर और दूसरा भाई इंजीनियर है।
प्रियंका का इससे पहले 2015 में पीसीएस परीक्षा में कार्याधिकारी जिला पंचायत के पद चयन हो चुका है। मौजूदा समय में वह अलीगढ़ में तैनात हैं। प्रियंका कहती हैं कि वह समाज के वंचित वर्गों और महिलाओं के लिए कुछ करना चाहती हैं। मां मौर्यश्री गृहणी हैं और उन्हें बिटिया प्रियंका पर नाज है। प्रियंका कहती हैं कि उनके होने वाले पति भी पीसीएस अफसर हैं।