कायमगंज (फर्रुखाबाद)। तहसील सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किसान सम्मान निधि योजना के उद्घाटन अवसर पर लाइव प्रसारण देख रहे किसानों की नजर टीवी व मोबाइल स्क्रीन पर टिकी रही। वहां बैठे किसान कभी अपना मोबाइल देखते तो कभी टीवी की ओर देखते नजर आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर में रविवार को किसान सम्मान निधि योेजना का शुभारंभ किया। जिले व तहसील स्तर पर प्रशासन ने लाभार्थी किसानों को बुलाकर लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की। प्रधानमंत्री के एक क्लिक पर लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 2000 रुपये की किस्त पहुंच गई। सभागार में लाइव प्रसारण देख रहे किसानों की नजर टीवी व मोबाइल स्क्रीन पर बनी रही। किसान कभी टीवी तो कभी मोबाइल देखते नजर आए। इस योजना के तहत लाभार्थी किसानों के खातों में साल में 6000 रुपये तीन किस्तों में भेजे जाएंगे। अभी भी फीडिंग का कार्य जारी है। इसमें कायमगंज तहसील में 60111 किसानों की फीडिंग हुई है जो जिले में नंबर वन है।
कायमगंज तहसील के करीब 20000 किसानों को पहले दिन लाभ मिला है। पहले दिन इस योजना के तहत लाभ पाने वाले किसान खुश नजर आए। तुर्क ललैया गांव के किसान मुकेश के मोबाइल पर मैसेज आया उनके खाते में 2000 रुपये भेज दिए गए हैं। मैसेज में लिखा गया कि पीएम सम्मान योजना के तहत 2000 रुपये की पहली सम्मान राशि आपके बैंक खाते में भेज दी गई है। आशा करता हूं हर चार महीने पर मिलने वाली इस राशि से आपको खेती की जरूरतों में मदद मिलेगी। इस दौरान तहसील सभागार में एसडीएम अनिल कुमार, तहसीलदार गजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।