फर्रुखाबाद। जिला मुख्य विकास अधिकारी अपूर्वा दुबे ने शनिवार को कार्यालय में बा विद्यालयों की वार्डन व डीसी बालिका के साथ बैठक की। इसमें सीडीओ ने बा विद्यालयों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, छात्राओं की शत प्रतिशत उपस्थित किए जाने के निर्देश दिए हैं। विद्यालयों की स्थिति में सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिले में पांच कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हैं। शिक्षा विभाग के अफसर विद्यालय का निरीक्षण करते हैं तो उनको कभी कोई विद्यालय बंद मिलता है तो किसी में छात्राओं की उपस्थिति बहुत खराब मिलती है। शैक्षिक गुणवत्ता भी खराब होने के कई मामले सामने आए हैं। शासन से जो बजट मिलता है, उसका समय से उपयोग नहीं हो पाता है। शनिवार को सीडीओ ने अपने कार्यालय में बा स्कूलों की वार्डन व डीसी बालिका शिक्षा के साथ बैठक की। इसमें सीडीओ ने बा विद्यालयों की वार्डन को पंजीकृत छात्राओं की शत प्रतिशत विद्यालय में उपस्थिति कराने, शैक्षिक गुुणवत्ता में सुधार लाने और बजट का नियमानुसार उपभोग करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सुधार न होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
इसके बाद डीसी बालिका शिक्षा सरिता त्रिवेदी ने बीएसए कार्यालय में वार्डनों के साथ बैठक की। उनसे विद्यालयों की मरम्मत के लिए इस्टीमेट मांगे हैं। उपभोग के लिए बीस-बीस हजार रुपये की अग्रिम धनराशि की चेक दी है। डीसी बालिका शिक्षा ने बताया कि छात्राओं को गर्म कपड़े बांटने के निर्देश दिए हैं। कायमगंज, शमसाबाद व राजेपुर की वार्डन ने इस्टीमेट दे दिया है। कमालगंज व नवाबगंज से अभी इस्टीमेट नहीं आया है। कायमगंज में एक व शमसाबाद में दो शिक्षिकाएं लंबे समय से अनुपस्थित चल रही हैं। उनके खिलाफ नोटिस की जा रही है।