छावनी बोर्ड बैठक को संबोधित करते स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर टीसी मल्होत्रा।
- फोटो : amarujala
फर्रुखाबाद। छावनी परिषद की बैठक में वार्ड संख्या 1 में आबादी के अनुरूप 20 सार्वजनिक शौचालय बनाने की सहमति बनी। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य की नियुक्ति पर बहस के बाद अध्यक्ष ने फैसला सुरक्षित कर लिया। मंगलवार को छावनी परिषद के सभागार में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में 21 प्रस्ताव रखे गए। अधिकांश प्रस्तावों को चर्चा के बाद पास कर दिया गया। बैठक में मई माह के खर्चों व छावनी क्षेत्र में चल रहे विद्यालयों के रखरखाव के प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित किया। छावनी क्षेत्र में स्थित दुकान संख्या दो व तीन की दोबारा नीलामी कराने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। छावनी क्षेत्र में घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र करने का प्रस्ताव भी पास कर दिया गया।
केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के तहत वार्ड संख्या 1 व 7 को खुले में शौच मुक्त करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। अध्यक्ष ने संसाधनों के तहत वार्ड संख्या 1 में आबादी के अनुरूप 20 सार्वजनिक शौचालय बनवाने की बात कही। रिश्वत के मामले में सीबीआई की लखनऊ शाखा की ओर से सीज किए गए विद्यालय के कमरों व आवासों को खुलवाने के लिए डीएम व एसपी को पत्र लिखकर मजिस्ट्रेट तैनात करने पर आम सहमति बनी।
छावनी क्षेत्र में चल रहे कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक राकेश तिवारी के सेवानिवृत्त होने के बाद खाली हुए पद पर सहायक शिक्षिका मिथलेश कुमारी को तैनात करने का प्रस्ताव रखा गया। अधिशाषी अधिकारी हेमंत यादव ने बताया कि शोभा रानी ने वरिष्ठता के क्रम में जूनियर स्कूल के प्रधानाध्यापक के पद पर अपना दावा प्रस्तुत किया है। बैठक में निर्वाचित सदस्य अवंती, शमा अनवर जमाल, वीरपाल, अजय कुमार, विजय कुमार, नामित सदस्य एडीएम आरबी सोनकर, कर्नल आरके सहगल, मेजर सुरेश, लेफ्टिनेेंट कर्नल एके कर, लेफ्टिनेंट कर्नल एसके विष्ट, रामभजन आदि मौजूद रहे।