फर्रुखाबाद। छत की आस लगाए बैठे शहरी क्षेत्र के लगभग पांच हजार गरीबों को छत मिलना तय हो गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत इनमें से लगभग 708 गरीबों के खाते में पहली किस्त भेजी जा चुकी है, जबकि 493 आवास बनकर तैयार हो चुके हैं।
लोकसभा चुनाव को देखते हुए सरकार का पूरा ध्यान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) पर लगा हुआ है। इस योजना की बीएलसी कैटेगिरी में जिले की दो नगर पालिकाओं और चार नगर पंचायतों से लगभग 22 हजार लोगों ने ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन किए थे। बताया गया कि जिले भर में लगभग पांच हजार लोगों का चयन पीएम आवास योजना (शहरी) के तहत कर लिया गया है।
इनमें से 708 के खाते में 50 हजार रुपये की पहली किस्त, 606 लाभार्थियों के खाते में 1.50 लाख की दूसरी और 172 लाभार्थियों के खातों में 50 हजार की तीसरी किस्त भेजी जा चुकी है। डूडा दस दिन के अंदर 708 में से बचे हुए लाभार्थियों के खाते में दूसरी और तीसरी किस्त भी भेज देगा।
परियोजना अधिकारी जय विजय सिंह ने बताया कि 3893 लाभार्थियों की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है। इनमें से 708 के खाते में प्रथम किस्त भेजी जा चुकी है। बचे हुए लोगों के खातों में भी आवास बनाने के लिए पैसा भेजा जाएगा। इसके साथ ही 1300 लाभार्थियों की डीपीआर 15 फरवरी तक भेज दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग पांच हजार लोगों को आवास मिलना अब तय है। गौरतलब है कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना शुरू हुई थी।
इनसेट
एक सप्ताह में मिल जाएगी दूसरी व तीसरी किस्त
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत दूसरी और तीसरी किस्त मिलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। परियोजना अधिकारी जय विजय सिंह ने बताया कि एक सप्ताह में 708 लाभार्थियों में से बचे हुए लाभार्थियों के खाते में दूसरी व तीसरी किस्त भेज दी जाएगी। इसके साथ ही 400 नए लाभार्थियों को पहली किस्त भेजी जाएगी। ब्यूरो