फर्रुखाबाद। जनपद के राजेपुर क्षेत्र के एक वृद्ध समेत दो लोगों की कोरोना से मौत हो गई। उधर शनिवार को 18 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इनमें सर्वाधिक मरीज शहर के हैं।
राजेपुर क्षेत्र के गांव महेशपुर निवासी वृद्ध (70) की तबियत खराब होने पर उन्होंने स्थानीय सीएचसी में जांच कराई। 19 अक्तूबर को आई रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकले। इससे उन्हें एल-2 अस्पताल फतेहगढ़ में भर्ती कराया गया। वहां से सैफई मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान वृद्ध की शुक्रवार को मौत हो गई। उन्हें हृदय संबंधी पहले से दिक्कत थी। इसके अलावा कमालगंज के गांव दरौरा निवासी अधेड़ की शनिवार को सैफई मेडिकल कालेज में कोरोना से मौत हो गई। इससे पहले उसकी पत्नी की भी कोरोना से मौत हो चुकी है। उधर, शहर के मोहल्ला नाला मछरट्टा निवासी युवक के अलावा वृद्ध, फतेहगढ़ निवासी एक परिवार के तीन लोगों में वृद्ध, उसका पुत्र व पुत्रवधू, सैनिक कालोनी निवासी महिला, हाथीखाना निवासी महिला व सातनपुर भोपतपट्टी निवासी अधेड़ समेत जिले में कुल 18 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। इससे जिले में संक्रमितों की संख्या 3787 हो गई है। इनमें 3494 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 54 मरीज जान गंवा चुके हैं। अभी जिले में 239 केस एक्टिव हैं।
कोरोना जांच के डर से मरीज घटे, युवक पॉजिटिव
कमालगंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों की अनिवार्य रूप से कोरोना जांच कराए जाने से ओपीडी में मरीजों की संख्या घट गई है। दर्द व अन्य रोग के मरीजों के सीएचसी के चैनल पर पहुंचते ही सबसे पहले कोरोना जांच करानी पड़ती है। इसके लिए आधा दर्जन कर्मचारी बैठाए गए हैं। डॉ. मानसिंह वर्मा ने कहा कि हो सकता है कोरोना जांच के डर से सामान्य तकलीफ वाले मरीज न आ रहे हों। शनिवार को 13 लोगों ने ही कोरोना जांच कराई। मोहल्ला बजरिया छिबरामऊ कन्नौज निवासी 27 वर्षीय युवक पॉजिटिव निकला।