फर्रुखाबाद। आंगनबाड़ी केंद्रों से बिना सूचना नदारद रहने व विभागीय कार्यों में रुचि न लेने वाली कर्मचारियों की नौकरी पर तलवार लटक गई। पूर्व में दिए गए नोटिस का स्पष्टीकरण भी नहीं दिया गया। इस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी भारत प्रसाद ने जिले की 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व 15 सहायिकाओं को बर्खास्तगी नोटिस जारी कर दिया है।
इनमें शहर, कमालगंज, व कायमगंज की चार-चार, शमसाबाद की तीन, राजेपुर की दो व ब्लाक बढ़पुर की आठ कर्मचारी शामिल हैं। नोटिस में कहा गया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं बिना सूचना दिए आंगनबाड़ी केंद्रों से अनुपस्थित चल रही हैं। विभागीय कार्यों में भी रुचि नहीं ली जा रही।
इन्हें बाल विकास परियोजना अधिकारियों द्वारा कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया। इससे इनकी सेवा समाप्ति से पूर्व 18 फरवरी तक अपना पक्ष रखने का मौका दिया जा रहा। इस समयावधि में नोटिस का जवाब न मिलने पर कार्य समाप्ति की कार्रवाई कर दी जाएगी।