कायमगंज (फर्रुखाबाद)। चार दिन पूर्व चार छात्रों के अपहरण के मामले में क्रास रिपोर्ट में एक सभासद, सभासद के पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर नगर पालिका के सभासद लामबंद हो गए हैं। उन्होंने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। निष्पक्ष जांच कराकर मुकदमा समाप्त करने की मांग उठाई।
गणतंत्र दिवस पर सभासद के पति के पुत्र संभव शुक्ला सहित चार छात्रों का अपहरण हो गया था। परिजनों ने चारों छात्रों को मुक्त कराकर चार को पुलिस के हवाले कर दिया था। दोनों पक्षों की ओर से अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। बुधवार को करीब 18 सभासद तहसील कार्यालय पहुंचे। सभासदों ने मांग की कि जिन चार छात्रों का अपहरण हुआ था। उस दौरान मौके पर चार आरोपितों को पकड़ कर पुलिस के हवाले भी किया गया था। अपहृत छात्र के पिता पूर्व सभासद व सभासद के पति दीपक शुक्ला के अलावा सभासद आमिर खां व उनके साथियों पर झूठा क्रास मुकदमा दर्ज किया गया था।
सभासदों का कहना है कि अपहृत छात्रों के परिजनों ने पहले यूपी 100 को सूचना दी थी। आरोपियों को पकड़ कर कोतवाली में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया था। जब आरोपी पुलिस अभिरक्षा में थे तो उनका अपहरण कैसे हो गया और क्रास केस कैसे दर्ज किया गया। इसके बाद भी पुलिस आरोपियोें के घर के बजाय अपहृत छात्रों के घरों पर दबिश मार रही है। सभासद व उनके साथियों पर दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच कर उसको समाप्त किया जाए। मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार गजेंद्र सिंह को सौंपा। सभासद नरेश शर्मा उर्फ पुजारी, मसूद अली खां, आसिफ मंसूरी, विजय गुप्ता, अतुल जैन, सचिन यादव, रामप्रकाश, गौरव गुप्ता, सभासद पति झगडू यादव, पूर्व सभासद मुकेश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।