फर्रुखाबाद। अनामिका शुक्ला प्रकरण के बाद अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने परिषदीय विद्यालयों में तैनात शिक्षामित्र और जूनियर स्कूलों में कार्यरत अंशकालिक अनुदेशकों के शैक्षिक अभिलेखों का सत्यापन कराने का आदेश दिया है। सभी शिक्षामित्र और अनुदेशकों का डाटा मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कराने के भी आदेश बीएसए को दिए गए हैं। बीएसए लालजी यादव ने बताया कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत करीब 1654 और बेसिक शिक्षा विभाग से 30 शिक्षामित्र तथा 264 अनुदेशक जिले में तैनात हैं। इनके शैक्षिक अभिलेख, आधार कार्ड व निवास प्रमाण पत्र सत्यापन कराने के आदेश बीईओ को जारी कर दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव के आए पत्र में कहा गया कि खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से शिक्षामित्र व अनुदेशकों का रोस्टर बनाकर ब्लाक संसाधन केंद्र पर सोशल डिस्टेंस से प्रतिदिन दस-दस लोगों को बुलाकर मूल अभिलेखों की जांच की जाए। उनके आधार कार्ड का बीआरसी पर उपलब्ध कराई गई आधार इंरोलमेंट एवं अपडेशन किट से सत्यापन किया जाए।
शिक्षामित्र और अनुदेशकों के शैक्षिक अभिलेख व अन्य प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन, रजिस्टर्ड डाक व वाहक के माध्यम से संबंधित बोर्ड, विश्वविद्यालय, संस्थाओं से सत्यापन कराया जाए। इसमें जो भी खर्चा होगा, उसका भुगतान समग्र शिक्षा के तहत किया जाएगा। जिसके मूल अभिलेख और आधार कार्ड फर्जी मिलें, उनकी सेवा समाप्ति कर रिपोर्ट दर्ज कराई जाए। उन्हें अभी तक जो मानदेय दिया गया है, उसकी रिकवरी होनी चाहिए। सभी शिक्षामित्र और अनुदेशकों के शैक्षिक अभिलेख व अन्य विवरण मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।