यदि शनिवार को दिन में सड़क के रास्ते दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं तो इसे बदल दीजिए। इस दिन दिल्ली दूर होने वाली है। पीएम नरेंद्र मोदी का एटा दौरा होने से फर्रुखाबाद से एटा होकर दिल्ली जाने वाला रूट डायवर्ट किया गया है।
लोकसभा चुनाव के चलते पड़ोसी जनपद एटा में शनिवार को पीएम नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। वह यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे और एटा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी राजवीर सिंह के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसी के चलते फर्रुखाबाद से एटा होकर दिल्ली जाने वाले वाहनों का मार्ग डायवर्ट किया गया है। फर्रुखाबाद जनपद से प्रतिदिन 50 से ज्यादा बसें दिल्ली मार्ग पर चलती हैं। यहां से जाने वालों को पहले एटा जाना होता है।
इसके बाद जीटी रोड से दिल्ली तक का सफर तय होता है। शनिवार को पीएम की जनसभा के चलते जनपद से जाने वाले वाहनों को कायमगंज होते हुए अलीगंज से होकर गुजारा जाएगा। इसके बाद उन्हें एटा के बजाय पटियाली होते हुए कासगंज से अलीगढ़ भेजा जाएगा।
वहीं कायमगंज से आगरा जाने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया गया है। यह अलीगंज एटा रोड पर बागवाला तक जाएंगे। इसके बाद करतला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहां से शिकोहाबाद होते हुए आगरा जाना होगा।
आज दिल्ली हो जाएगी दूर, रूट होगा डायवर्ट
एटा में पीएम की जनसभा के चलते दूसरे मार्ग से गुजरेंगे वाहन