पुस्तकालय को किताबें और बच्चों के लिए खेल किट खरीद में हो रहे खेल में राजेपुर व कायमगंज बीईओ से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बीएसए राम सिंह ने दोनों बीईओ को नोटिस जारी किया है। इसमें विद्यालय निरीक्षण में यदि खेल किट खराब मिली और खरीदी गई किताबें निर्धारित प्रकाशक की नहीं मिलीं तो कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में खेल किट और पुस्तकालय के लिए किताबों की खरीद होनी है। किताब व खेल किट खरीद के लिए प्रत्येक प्राइमरी में 5-5 हजार और जूनियर स्कूल में दस-दस हजार रुपये विद्यालय प्रबंध समिति खाते में भेजे गए हैं।
प्राइमरी में पांच हजार की जगह दो हजार और जूनियर में दस हजार की जगह तीन से चार हजार की खेल किट डलवाई जा रही है। यह काम कुछ विभागीय अधिकारी खुद करवा कर कमीशन ले रहे हैं। किताबें भी दूसरे प्रकाशक की डलवाई जा रही हैं।
इस तरह के लगातार मामले सामने आने पर मुख्य विकास अधिकारी ने प्रकरण को गंभीरता से लिया। सीडीओ के निर्देश पर बीएसए राम सिंह ने खंड शिक्षा अधिकारी कायमगंज रमेश चंद्र जौहर, खंड शिक्षा अधिकारी राजेपुर शिवशंकर मौर्या को नोटिस जारी किया है। इसमें कहा कि किसी एक फर्म से पुस्तक और खेल किट खरीदने को दबाव बनाया जा रहा है। खेल किट मानक के अनुसार और किताबें निर्धारित प्रकाशक की नहीं हैं।
इस संबंध में बीईओ को स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है। यदि विद्यालय निरीक्षण में खेल किट अमानक और पुस्तकें निर्धारित प्रकाशक की नहीं मिलती हैं तो संपूर्ण उत्तरदायित्व बीईओ और प्रधानाध्यापक का होना। बीएसए ने बीईओ को कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
किताबें और खेल किट खरीद में बीईओ से जवाब-तलब
बीएसए ने दो बीईओ को जारी किया नोटिस