फर्रुखाबाद। परिषदीय स्कूलों में सोलर पैनल से रोशनी और पंखे चलाए जाएंगे। इसके लिए जिला पंचायती राज विभाग ने स्कूलों का चयन भी कर लिया है। अब इनमें सोलर पैनल लगाने की तैयारी की जा रही है।
जिले के कई परिषदीय विद्यालयों में बिजली की व्यवस्था नहीं है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने बिना बिजली वाले स्कूलों का चयन करने के निर्देश दिए थे। ऐसे स्कूल जहां बिजली विभाग बिजली नहीं पहुंचा सकता वहां सोलर पैनल लगवाने के निर्देश दिए थे। पंचायती राज विभाग ने सात ब्लाक में करीब 46 विद्यालयों का चयन कर लिया है। इनमें 600 वाट का सोलर पैनल लगाया जाएगा। इससे चार पंखे व चार लाइटें जलाई जा सकती हैं। जिला पंचायती राज अधिकारी अमित त्यागी ने बताया कि स्कूलों का चयन हो गया है। ग्राम पंचायतों को स्कूलों में पैनल लगवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत राज विभाग सिर्फ पैनल लगवाएगा। बल्ब व पंखे लगवाने की जिम्मेदारी उनके विभाग की नहीं है।