नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन कराने पर बिना बिजली जलाए ग्रामीणों को 900-900 रुपये के बिल थमा दिए गए। बिल देखकर ग्रामीणों का पारा चढ़ गया और मीटर रीडर को गांव के बाहर तक खदेड़ दिया। गुस्साए ग्रामीण उपकेंद्र पहुंचे, लेकिन वहां पर अवर अभियंता नहीं मिले। ग्रामीणों ने कहा कि जब उनके मीटर की केबल बंच कंडक्टर में लगे बाक्स से नहीं जोड़ी गई तो उनके घरों में बिजली कैसे आएगी। बिना बिजली बिल मिलेगा तो वह कनेक्शन कटवा देंगे।
नवाबगंज के गांव हुसैनपुर बांगर में बंच कंडक्टर पड़ने के बाद सौभाग्य योजना के तहत ग्रामीणों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिए गए। गांव में करीब 18 लोगों ने एक माह पूर्व कनेक्शन कराया था। कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने ग्रामीणों के घर पर मीटर, एक बोर्ड और एलईडी लगा दी। मीटर की केबल बंच कंडक्टर में लगे बाक्स से नहीं जोड़ी गई। कनेक्शनों को कंप्यूटरों में ऑनलाइन कर दिया गया, ताकि विभागीय अधिकारी संस्था के कामों की वाहवाही कर सकें।
शनिवार को संविदा कर्मचारी मीटर रीडर नाजिम ऑनलाइन बिल बनाने गांव गया। उसने कनेक्शनधारकों के करीब 900 रुपये का बिल निकाल कर थमा दिया। बिल देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि मीटर की केबल एक माह से जमीन पर पड़ी है। वह अभी तक बंच लाइन में लगे बाक्स में सप्लाई के लिए नहीं जोड़ी गई। तो उनको बिल 900 रुपये कैसे आ गया। गांव के लोगों ने संविदा कर्मचारी को घेर लिया और खरीखोटी सुनानी शुरू कर दी। भीड़ लगने पर संविदा कर्मचारी भागा तो ग्रामीण उसे गांव के बाहर तक खदेड़ आए।
इसके बाद गांव के लोग नवाबगंज विद्युत उपकेंद्र पर अवर अभियंता से मिलने गए। वहां जेई नहीं मिले। ग्रामीण संतराम, अवधेश, भूरे, बालकराम, संतोष ने कहा कि अगर बिना बिजली जलाए बिल आएंगे तो वह कनेक्शन कटवा देंगे। एक्सईएन कायमगंज जीएस कशेरवाल ने बताया कि इस संबंध में कार्यदायी संस्था को पत्र लिखा जाएगा। कार्यदायी संस्था के अनिल कुमार ने बताया कि वह कर्मचारी को भेज कर जांच कराएंगे। अगर केबल नहीं जोड़ी गई तो उसको जुड़वा दिया जाएगा।