फर्रुखाबाद। फतेहगढ़ स्थित राजपूत रेजिमेंट में सोमवार से सेना भर्ती शुरू होगी। 10 दिनों तक अलग-अलग जनपद के खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सोमवार से शुरू हो रही भर्ती में पहले दिन बलरामपुर, श्रावस्ती व सीतापुर के अभ्यर्थी शामिल होंगे। 11 दिसंबर को बहराइच व लखीमपुर खीरी, 12 दिसंबर को हरदोई के अभ्यर्थी आएंगे। 13 दिसंबर को फर्रुखाबाद के युवा शामिल होंगे। इसके बाद 14, 15, 16, 17 और 18 दिसंबर को पीलीभीत, बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और संभल के अभ्यर्थी जोर आजमाइश करेंगे। इसके बाद 19 व 20 दिसंबर को उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के सभी जनपदों के अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसके लिए प्रशासन ने तैयारियां कर ली हैं। बरगदिया घाट स्थित भर्ती स्थल की सफाई करवा कर लाइट आदि की व्यवस्था भी दुरुस्त करवाई गई है। अभ्यर्थियों के लिए इस बार भर्ती स्थल को दर्शाते हुए साइन बोर्ड भी लगवाने का इंतजाम किया जा रहा है।
पहले दिन प्रशासन को होगी समस्या
दस दिसंबर से सेना भर्ती शुरू हो रही है। इसमें मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगने के साथ ही अन्य कई जिम्मेदारियां जिलास्तरीय अधिकारियों के पास ही हैं। वहीं, इसी दिन शहर में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी आ रहे हैं। इससे भर्ती के पहले दिन अधिकारियों को समस्या का सामना करना पड़ेगा।