मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। इटावा-बरेली हाईवे पर मंगलवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पूर्व सैनिक की मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए थे। घायल पत्नी को सरकारी अस्पताल भेजा गया है। वे पत्नी का इलाज कराने फर्रुखाबाद अस्पताल गए थे। वहां से लौटते समय हादसा हो गया। घटना स्थल पर जाम की स्थिति बन गई।
जिला मैनपुरी थाना बेवर के गांव नगला कलू निवासी पूर्व सैनिक रामसनेही यादव (65) मंगलवार को बाइक से पत्नी मायादेवी के साथ फर्रुखाबाद स्थित अस्पताल से पत्नी को दवा दिलाने के लिए गए थे। रामसनेही हेलमेट नहीं पहने थे। इटावा-बरेली हाईवे कोतवाली के पास पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से रामसनेही की मौके पर मौत हो गई। पत्नी घायल हो गई।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां पर काफी भीड़ लग गई। इससे जाम की स्थिति बन गई। इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह तोमर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को अलग किया। इसके साथ ही महिला को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। चालक तकीपुर के पास ट्रक को छोड़ कर भाग गया। घटना की सूचना परिवार वालों को दी गई। इस पर पूर्व सैनिक का बेटा वीरेंद्र सिंह यादव परिवार के लोगों के साथ आ गया। शव को देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को फतेहगढ़ स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। वीरेंद्र ने बताया कि पिता हवलदार से रिटायर्ड हुए थे।